महराजगंज। तापमान बढ़ने के कारण लोग डिहाइड्रेशन की चपेट में आ रहे हैं। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सर्वाधिक समस्या त्वचा रोगियों की है जिन्हें सनबर्न, खुजली, त्वचा में जलन व सोरायसिस की दिक्कत हो रही है। साथ ही धूप व धूल के कारण आंखों में खुजली के साथ लाली और चुभन की समस्या बढ़ गई है।
मंगलवार को त्वचा संबंधी समस्या लेकर ओपीडी में 23 तो आंख की दिक्कत के 10 मरीज पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद सतर्कता बरतने की सलाह दी। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को 767 मरीज देखे गए। तापमान तेजी से बढ़ रहा है। शरीर का आंतरिक तापमान बनाए रखने के लिए पसीना अधिक उत्पन्न हो रहा। अधिक पसीना निकलने व धूप में अधिक आने-जाने वाले डिहाइड्रेशन की चपेट में आ रहे हैं।
त्वचा संबंधित रोगों की इस समय अधिकता देखी जा रही है। त्वचा रोग विशेषज्ञ व सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि डिहाइड्रेशन के कारण खुजली व सोरायसिस की दिक्कत देखी जा रही है। ऐसे मरीजों को अधिक पानी पीने के साथ-साथ दाना या चकत्ता होने पर चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
इसी प्रकार आंख में अधिक खुजली के साथ चुभन की समस्या देखी जा रही है। डाॅ. मनीष कुमार ने बताया कि तेज धूप व हवा के कारण आंखों में खुजली के साथ चुभन की समस्या हो सकती है। आंख में परेशानी होने पर चिकित्सक की सलाह पर ही आई ड्राप इत्यादि उपयोग में लाना चाहिए। अन्यथा समस्या बढ़ सकती है।