चौक बाजार। दक्षिणी चौक रेंज के नाथनगर बीट के जंगल में रामग्राम की पहचान के लिए हो रहे उत्खनन में 17वें दिन मंगलवार को ट्रेंच ले आउट किए गए चार ब्लाॅक के दो ब्लाॅकों में 250 सेंटीमीटर की गहरी खोदाई की गई। 102 सेंटीमीटर गहरी खोदाई के दौरान अलंकारित दीवार मिला है। लेकिन मिली हुई संरचना स्तूप की है या दीवार की यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।
पुरातत्वविद आफताब हुसैन ने बताया कि उत्खनन की प्रक्रिया जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा वैसे ही उसकी स्थिति स्पष्ट होती जाएगी। खोदाई के दौरान सांचे में ढाले पके चौड़े ईंट मिलने से यह कयास लगाया जा सकता है की किसी प्राचीन भवन या स्तूप का खंडहर है। खोदाई में मिले अलंकारित दीवार की संरचना मिलने से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की टीम उत्साहित है। उत्खनन में प्राप्त सभी सामग्रियों को संरक्षित कर उस पर गहन अध्ययन किया जा रहा है। फिलहाल भगवान बुद्ध के आठवें अस्थि धातु पर बने स्तूप की मान्यता के आधार पर उत्खनन कार्य प्रगति पर है।