चौक बाजार (महराजगंज)। परिवार के भरण-पोषण व माली हालत ठीक करने का सपना संजोए दुबई गए क्षेत्र के ओबरी गांव के रहने वाले ओमप्रकाश राव (36) की बीते शुक्रवार को दुबई में मौत हो गई।
रविवार को उसके साथ काम करने वाले साथियों ने मोबाइल फोन से जैसे ही ओमप्रकाश की मौत होने की सूचना घर वालों को दी, परिवार में कोहराम मच गया। ओमप्रकाश की पत्नी लीलावती और पिता गोरख बेहोश कर हो गिर पड़े। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि एक माह पूर्व ओमप्रकाश दुबई में काम करने गये थे। वहां वह शटरिंग का काम करते थे। प्रतिदिन की भांति काम कर शाम को कमरे पर पहुंचकर भोजन कर आराम करने लगा। उसी दौरान उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। साथ में रह रहे दोस्त उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि ओमप्रकाश से तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा मुन्ना (8), नीरज (6) व धीरज (5) हैं। परिजन शव गांव लाने के लिए प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं। ताकि शव जल्द से जल्द घर आ सके।