आबादी के बीच शव दफनाने को लेकर हुआ विवाद
चौक बाजार। आबादी के बीच शव को दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट की स्थिति को देखते हुए गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर उपनिरीक्षक रामशब्द पहुंचे। वहीं लेखपाल ने सदर तहसीलदार को मामले से अवगत कराया। तहसीलदार ने स्थिति का जायजा लेकर समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सभा धरमपुर के दक्षिण तरफ एक सौ एयर जमीन दलित आबादी है। गांव के ही केदार जमीन पर कब्जा कर झोपड़ी बना रहते थे। उनका निधन मंगलवार की रात में हो गया। परिजन शव को उसी जमीन में दफनाना चाहते थे, जिसका गांव के प्रदीप, तारकेश्वर, नाथू, रमेश, श्रीकांत, छोटेलाल, लखन, गोविंद, घिसियावन आदि ने विरोध किया। बात बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। स्थिति को देखते हुए गांव के चौकीदार रामरक्षा ने चौक पुलिस को सूचना दी।
सदर तहसीलदार मोहम्मद जसीम ने बताया कि जांच के बाद मृतक केदार के परिजनों को समझ बुझाकर शव का अंतिम संस्कार किसी अन्य जगह करने पर सहमति बनी।