व्यापारियों ने की जाम से निजात की मांग
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। नगर के व्यस्त चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले रास्ते पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शनिवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की जिला इकाई के पदाधिकारियों ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नो इंट्री जोन में भारी वाहनों के प्रवेश संबंधी आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि जिला मुख्यालय पर काफी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों से आते हैं। इसके अलावा यहां शिक्षण संस्थान भी हैं। कार्यदिवस के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के कारण आए दिन प्रमुख मार्गों पर यातायात जाम की समस्या पैदा होती है। इससे आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सुबह आठ से रात आठ बजे के बीच शहर के नो इंट्री जोन में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध संबंधी आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व व्यापारियों की बैठक में अक्सर यह मुद्दा उठाया जाता है और अधिकारियों की तरफ से नो इंट्री जोन में भारी वाहनों के प्रवेश संबंधी आदेश का पालन कराने का भरोसा भी दिया जाता है लेकिन अधिकारी आश्वासन देकर चुप्पी साध लेते हैं। उनका यह भी कहना था कि मांस काटने व बेचने के लिए स्थान सुनिश्चित किए जाने की मांग भी लंबे अरसे से की जा रही है। खुले में मांस बिकने के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने खुले में मांस की बिक्री पर रोक की मांग भी की। इस मौके पर फूलचंद्र अग्रवाल, अनिल गुप्ता, विजय जायसवाल, विनोद सिंह, परशुराम जायसवाल आदि मौजूद रहे।