मिठौरा/सिंदुरिया। चार दिन से लापता ग्राम सभा सेमरा निवासी युवक का शुक्रवार को सिंदुरिया क्षेत्र के हरिहरपुर टोला मोतीपुर स्थित नहर फाटक के पास शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिंदुरिया क्षेत्र के ग्राम सभा सेमरा निवासी ध्रुप गुप्ता (32) मंगलवार शाम को ससुराल विशुनपुरा जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। बुधवार की सुबह नहर पटरी किनारे गए ग्रामीणों ने बाइक देखकर मिठौरा चौकी पुलिस को सूचना दी। जांच में बाइक सेमरा निवासी ध्रुप की निकली। पुलिस की सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। अनहोनी की आशंका पर चौकी पुलिस मिठौरा ने नहर फाटक के पास अगल बगल नहर और नहर पटरी पर ग्रामीणों के साथ काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह सिंदुरिया थानाक्षेत्र के ग्राम सभा हरिहरपुर टोला मोतीपुर स्थित नहर फाटक के पास ध्रुप का शव मिला। ध्रुप अपने चार भाइयों विनोद, जयहिंद, प्रमोद में सबसे छोटा था। पत्नी संध्या और तीन बच्चे रुपाली, रोशनी और एक पुत्र श्रेयांश हैं।
थाना प्रभारी सिंदुरिया दिनेश कुमार का कहना है शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।