सेना के जवान का शव आते ही मचा कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
बरगदवां (महराजगंज)। हल्द्वानी में आर्मी सप्लाई कोर में हवलदार के पद पर तैनात रहे बरगदवां कस्बा निवासी राजेंद्र वर्मा का शव बृहस्पतिवार को गांव आने पर कोहराम मच गया। सेना के जवान का शव जब वाहन से उतरने लगे तो एक झलक पाने को उमड़ पडे़। सभी ने भारत माता की जय और राजेंद्र अमर रहें के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। राजेंद्र की पत्नी धूपकला वर्मा और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी की चीख पुकार सुन कस्बे में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
आर्मी सप्लाई कोर में हल्द्वानी में तैनात राजेंद्र वर्मा (43) मंगलवार की रात खाना खाकर अपने बैरक में सो गए। सुबह साथी उन्हें परेड के लिए जगाने गए तो उनकी सांसें थमीं हुई थीं। सेना के जवान उन्हें लेकर चिकित्सक के पास गए। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार की सुबह मौत की सूचना उनके घर वालों को दी गई। आर्मी सप्लाई कोर के सूबेदार गिरीश कुमार व हवलदार भगवान सिंह व अमर नाथ यादव राजेंद्र का पार्थिव शरीर सेना के वाहन से बरगदवां ले आए। राजेंद्र के शव को बेटी अक्की वर्मा, पुत्र राहुल वर्मा, कुनाल वर्मा, उनके बड़े भाई राजेश्वर वर्मा, भतीजा अविनाश वर्मा ने जब कंधा दिया तो पूरा माहौल गमगीन हो गया।
शव यात्रा बरगदवां कस्बा होते हुए महांव नदी घाट पर पहुंची। जहां सेना के जवान गिरीश कुमार, अमर नाथ यादव, भगवान सिंह और गोरखा रेजीमेंट के सूबेेदार जीवन गुरुंग, हवलदार शिव बहादुर, लांस नायक विनोद भुवांजी, राइफल मैन सूर्य खाड़, विनय ने सलामी दी। यहां राजकीय सम्मान के साथ राजेंद्र का अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान पप्पू पांडेय, पूर्व प्रधान कुंदन चौधरी के अलावा क्षेत्र के काफी संख्या में लोग मौजूद थे।