खेत की रखवाली के दौरान 16 अक्तूबर की रात से थे लापता, पुलिस ने दर्ज की थी गुमशुदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। खेत की रखवाली के लिए घर से तीन दिन पूर्व निकले सेवानिवृत रेलकर्मी का शव बृहस्पतिवार की सुबह घर के पास पोखरे में उतराता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी फकीर यादव (73) 16 अक्तूबर की रात घर से खाना खाकर रोज की भांति घर से कुछ दूरी पर एनएच के किनारे स्थित खेत में रखवाली के लिए गए थे। 17 अक्तूबर की सुबह उनके पुत्र बाबूलाल यादव खेत में पहुंचे तो वहां पिता नहीं मिले। मौके पर उनकी चप्पल, डंडा, बैट्री व चश्मा पड़ा था। रात में चली तेज हवा के कारण टीन शेड भी उड़ कर कुछ दूर चला गया था। काफी खोजने के बाद पिता नहीं मिले तो बाबूलाल ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस जांच पड़ताल कर रही थी कि बृहस्पतिवार सुबह उनका शव गांव के किनारे स्थित पोखरी में देखकर लोगों ने शोर मचाया। देखते ही देखते काफी भीड़ जुट हो गई। जानकारी परिजनों को हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
मृतक के बैंक खाते में हैं 41 लाख रुपये
फरेंदा। क्षेत्र के बनकटी निवासी फकीर यादव वर्ष 2012 में रेलवे विभाग से सेवानिवृत हुए थे। तभी से घर पर रहकर खेती बारी करते थे। कुछ दिन पूर्व एनएच द्वारा अधिग्रहित की गई जमीन के लिए मुआवजा राशि उनको मिली थी। जो उनके खाते में है। बुजुर्ग के लापता होने के बाद पुत्र बाबूलाल ने 17 अक्तूबर को भारतीय स्टेट बैंक शाखा फरेंदा मे संचालित खाते के संचालन पर रोक लगाने के लिए शाखा प्रबंधक को पत्र भी दिया है।