तालाब में वृद्ध का उतराता शव मिला
मिठौरा/चौक बाजार(महराजगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मठिया में मंगलवार सुबह सत्तर वर्षीय वृद्ध का उतराया शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची चौक थाने की पुलिस जांच में जुट गई।
चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मठिया में निवासी छोटे लाल शर्मा (70) सोमवार सुबह ग्राम सभा स्थित काली स्थान के उत्तर पोखरे में पितृपक्ष स्नान करने गए थे। पोखरे के किनारे अंगवस्त्र रखकर ज्यों पोखरी में कदम रखा पोखरी में डूब गए। देर शाम तक छोटे लाल शर्मा घर नहीं आए तो घर वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। पोखरे के किनारे उनके कपड़े देख कर परिजनों ने जाल डलवाकर पोखरे में छोटे लाल शर्मा की खोज की। लेकिन कामयाबी नहीं मिली। मंगलवार सुबह पोखरे के किनारे गए ग्रामीणों ने तालाब में उतराता शव देखा तो शोर मचाया और परिजनों को छोटे लाल शर्मा का शव मिलने की सूचना दी। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। एक पुत्र मिथलेश शर्मा और तीन पुत्रियां हैं। चौक थाना प्रभारी श्यामसुंदर तिवारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। संवाद