-नदी में मछली पकड़ने गए युवकों ने शव देख मचाया शोर, पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बागापार। चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा परासखांड़ निवासी रामनरेश (80) का शव शनिवार को रोहिन नदी में उतराता हुआ मिला। रोहिन नदी में मछली पकड़ने गए युवकों ने शोर मचाया तो आसपास गांव के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची चौक थाने की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा परासखांड़ निवासी रामनरेश (80) शुक्रवार की दोपहर लक्ष्मीपुर रेंज के जंगल में भुटकी निकालने गए थे। घर के लोग खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास गांव एवं जंगल की तरफ खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उनका पता नहीं चला। शनिवार की सुबह दर्जनों की संख्या में परासखांड़ के ग्रामीण जंगल की तरफ ढूंढने गए। इसी दौरान रोहिन नदी में मछली पकड़ने गए युवकों ने वन चौकी बेलासपुर के पश्चिम नदी में एक वृद्ध का शव उतराता हुआ देख शोर मचाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की और बिलख कर रोने लगे। किसी ने इसकी सूचना पुलिस दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष चौक प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।