फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: आवागमन में आफत...धूल से बीमारी, दुर्घटना की आशंका

विज्ञापन
सिंदुरिया सिसवा मार्ग पर उड़ता धूल।संवाद
विज्ञापन
-धूल से दृश्यता हुई कम, दिन में ही पार्किंग लाइट के भरोसे चल रहीं गाड़ियां
विज्ञापन

-निर्माणाधीन सड़क पर पानी के अभाव में पूरे दिन उड़ रही धूल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सिंदुरिया सिसवा मार्ग पर आवागमन में लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। उड़ रही धूल से सांस व आंखों की बीमारी हो रही है। वहीं आने-जाने के दौरान अक्सर लोग गिरकर घायल हो जा रहे हैं। निर्माणाधीन सड़क पर आना-जाना मुश्किल हो गया। समस्या से करीब 50,000 की आबादी सीधे प्रभावित हो रही है। निर्माणाधीन सड़क से गुजरने में लोगों को परेशानी हो रही है।
शनिवार को सिंदुरिया पुल से सिसवा रोड पर आगे बढ़ते ही दुश्वारियां शुरू हो गईं। यहां सड़क बनाई जा रही है, लेकिन उस पर पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है। आसपास के लोग बताते हैं कि कुछ दिन पहले हल्की बारिश हुई थी, तो धूल नहीं उड़ रहीं थी, लेकिन अब समस्या पहले की तरह हो गई है। धूल से आखों में दर्द हो रहा है। सड़क किनारे घरों में रहने वाले लोग धूल से परेशान हैं। उनको सांस लेने में समस्या होती है।
विज्ञापन

लोग कहते हैं कि ऐसे ही अधिक दिनों तक रहा तो समस्या जटिल हो सकती है। हरिहरपुर से आगे बढ़ते ही बाइक से दीपेश मिले। वह बाइक धीरे-धीरे लेकर आ रहे थे। अचानक ट्रक सामने आ गया। धूल के गुबार से वह ढक गए। किसी तरह से मुंह ढक कर आगे बढ़े। बाइक कुछ दूरी पर रोक कर कपड़े से धूल हटाते हुए बोले कि जिम्मेदारों को कोई मतलब नहीं है। कम से कम समय-समय पर पानी का छिड़काव होता रहे तो समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।
इस रूट कुछ दूर बढ़ने पर चिऊटहा से पहले साइकिल से नरेश मिले। उन्होंने कहा कि पता नहीं कब सड़क बनकर तैयार होगी। इन दिनों आंखों में दर्द के साथ सांस की बीमारी होने लगी है। लोग इस रूट से आना जाना नहीं चाहते हैं। हेवती में मिले रामप्रवेश कहने लगे कि उड़ती धूल से सड़क पर दृश्यता कम हो गई है। इसके कारण दिन में ही पार्किंग लाइट के सहारे चलना पड़ता है।
सिंदुरिया से चिउटहां होते हुए सिसवा बाजार को जोड़ने वाले मार्ग का चौड़ीकरण हो रहा है। गिट्टियां डालकर उसे रोलिंग कर दिया गया है। पानी न डाले जाने से धूल उड़ रही है। दुकानदार भी परेशान हैं। सड़क किनारे स्थित लोगों की दुकान धूल से पट जा रही है। हरिहरपुर, गोबरही, परसा चक गोबरही, पकड़ियार बुजुर्ग, मुजहना बुजुर्ग, खजुरिया, गौनरिया, चिउटहा, करमही आदि स्थानों पर मिले लोगों ने भी दर्द को बयां किया।

धूल से सांस के रोगियों को भी हो रही दिक्कत

धूल से जहां वायु गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, वहीं सांस और अस्थमा के रोगियों की परेशानियां भी बढ़ रही हैं। इससे सांस और अस्थमा के रोगियों को स्वच्छ वायु नहीं मिल पाती और उनकी बीमारी गंभीर होने लगती है। इस समस्या को लेकर भी प्रतिदिन जिला अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में मरीज आ रहे हैं।
-
धूल से श्वांस व एलर्जी के रोगियों को परेशानी होती है। इसके अलावा खुले घाव में धूल के कणों से संक्रमण का खतरा बना रहता है। इससे बचने के लिए फुल कपड़े पहने और मुंह पर मास्क व तौलिया बांध कर निकलें।

- डॉ. एएम भाष्कर, फिजीशियन

सड़क का निर्माण शुरू हुआ तो लगा कि अब गड्ढों व हिचकोलों से राहत मिलेगी, लेकिन धूल के गुबार उड़ने से दिखाई तक नहीं देता है। सांस लेने में समस्या होती है।
विज्ञापन

-वीरेंद्र गुप्ता, सिंदुरिया

-

सड़क पर उड़ रही धूल से आंखों में दर्द होने लगा है। बीते दिन अस्पताल जाकर दवा ली तो राहत मिली। नियमित रूप से इस सड़क से गुजरने पर आंखों में दिक्कत बढ़ जा रही है।
- रोहित प्रजापति, सिंदुरिया

सड़क पर पड़ी गिट्टी व धूल से आगे का रास्ता दिखाई नहीं देता है। सड़क की उड़ती धूल से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है।
-सुभाष, हरिहरपुर
-
वाहनों की आवाजाही से उड़ रही धूल में चलना मुश्किल हो रहा है। इससे लोग बीमार हो रहे हैं। दुर्घटना की आशंका भी प्रबल हो गई है।
-राजेश विश्वकर्मा, हरिहरपुर

सड़क निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। निर्माणाधीन सड़क पर पानी डालने के निर्देश दिए गए हैं। अगर इसमें कहीं लापरवाही हो रही है तो कार्रवाई की जाएगी।
-गंगा सागर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें