चौक बाजार। मिठौरा मार्ग पर सड़क के उत्तर तरफ गड्ढे में खून से लथपथ संदिग्ध हालात में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। सूचना पर पहुंची चौक पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे सीओ निचलौल व फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत चौक के टोला कटैया निवासी लच्छन गुप्ता का शव बुधवार को ओबरी चौराहे से मिठौरा जाने वाले सड़क पर स्थित एक मैरिज हाल के करीब सड़क के किनारे गड्ढे में संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान हालत में मिला। शव को देख राहगीरों ने शोर मचाया। शोर सुनकर भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। किसी ने इसकी सूचना चौक पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामचरन सरोज मयफोर्स मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत करा शव की शिनाख्त में जुट गए। किसी ने शव की पहचान कर मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते शव के पास पहुंचे। सीओ निचलौल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मामला दुर्घटना का है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिली है। केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद