संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के महुअवा गांव के टोला तिलकहना निवासी एक व्यक्ति फोन आने पर मंगलवार रात को घर से निकला था। उसका शव बुधवार को गांव से सटे खेत में मिला। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जताई है।
मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई
जानकारी मुताबिक, महुअवा गांव के टोला तिलकहना निवासी श्रीराम के मोबाइल पर मंगलवार रात में किसी का फोन आया। उसके बाद वह अचानक महुअवा ढाला की ओर निकल पड़े। जो काफी देर तक लौट कर घर नहीं आए।
उसके बाद परिजनों ने श्रीराम की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह खेत की ओर निकले कुछ ग्रामीणों ने श्रीराम का शव खेत में देखा।
इसकी सूचना लोगों ने आनन-फानन में मृत श्रीराम के परिजन को दी। उसके बाद मृत श्रीराम के पत्नी भानमती सहित अन्य परिजनों में चीख पुकार मच गई। घटना के बाद काफी देर तक ग्रामीणों में हड़कंप मचा रहा। बताया जा रहा है कि मृत श्रीराम के दो बेटे राजेश और राजन है। मृत श्रीराम के पास करीब पांच एकड़ की जायदाद है।
वह खेती किसानी का कार्य करते थे। गांव में कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चलती हैं। ऐसे में उनकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। सदर कोतवाल सत्येंद्र राय के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।