अनुपस्थित मिली चिकित्सक का एक दिन का वेतन रोका
डीएम सत्येंद्र कुमार ने सिसवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
कस्तूरबा स्कूल व निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी जाना हाल
महराजगंज। डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को सिसवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्तूरबा विद्यालय और बीज भंडार केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिली एक चिकित्सक का एक दिन का वेतन रोक दिया। तहसीलदार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अतिक्रमण करने वाले लोगों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा के निरीक्षण के दौरान डॉ. नंदिनी सिंह अनुपस्थित मिलीं। इस पर डीएम ने उनका एक दिन का वेतन रोक दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान प्रभारी डॉ. मनोज मौर्य ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकों की जानकारी दी। डीएम ने ऑपरेशन थिएटर, आयुष्मान वार्ड, सामान्य वार्ड, बहुउद्देशीय हाल सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी सिसवां को केंद्र परिसर में मिट्टी डालकर भूमि को ऊंचा करने और तालाब के सुंदरीकरण का निर्देश दिया।
निर्माणाधीन कृषि बीज भंडार के निरीक्षण के दौरान डीएम ने 20 सितंबर तक सभी कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने तकनीकी समिति के माध्यम से जांच कराने का निर्देश दिया। बस स्टैंड के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण करते हुए मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए सड़क के चौड़ीकरण का निर्देश दिया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के छात्रावास में पुरुष होमगार्ड की तैनाती पर नाराजगी जताते हुए महिला होमगार्ड को तैनात करने का निर्देश दिया। छात्राओं से वार्ता करने के बाद सुबह 11-11.30 बजे के बीच भोजन करने का समय निर्धारित किया। निर्माणाधीन छात्रावास को दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। बीडीओ सिसवा को निर्देशित किया कि वे तकनीकी समिति के माध्यम से निर्माण कार्य की जांच कराएं। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक सुनील दत्त दूबे, तहसीलदार वाचस्पति सिंह आदि मौजूद रहे।