महराजगंज। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और राजकीय माध्यमिक स्कूल की बेटियां निकटवर्ती थाने के भ्रमण पर जाएंगी। भ्रमण का उद्देश्य महिला उत्पीड़न पर कार्रवाई के प्रावधान से लेकर महिलाओं से जुड़े अपराध पर क्या सजा और कानूनी प्रावधान इसे लेकर अपने ज्ञान का दायरा मजबूत करेंगी। मिशन शक्ति 5.0 के तहत इसे प्रभावी करने के निर्देश शिक्षा महानिदेशक स्तर से कस्तूरबा व राजकीय माध्यमिक की छात्राओं के लिए जारी किए गए हैं।
जनपद में 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कुल 1300 बालिकाएं नामांकित हैं। इसी तरह 29 राजकीय माध्यमिक स्कूलों में बेटियों का नामांकन लगभग तीन हजार से अधिक है। इन्हें स्कूल के आसपास स्थित थाने पर वार्डन व प्रधानाध्यापक अपनी देखरेख में लेकर जाएंगे। थाने के विभिन्न विंग, कार्यप्रणाली व एफाईआर दर्ज होने की प्रक्रिया समझने के लिए लगभग तीन घंटे बिताएंगी। यहां से महिला अधिकार और कानून के बारे में जानकर अपना ज्ञान मजबूत करेंगी जिससे किसी महिला को कानूनी सहायता की जरूरत पड़े तो वह आगे बढ़कर लाभ प्राप्त कर सकें।