इंद्रदेव मेहरबान, किसानों को सहकारी समितियां दे रहीं दगा
अड्डा बाजार। झमाझम बारिश से किसानों में खेती की उम्मीद जगी है। लेकिन ऐन वक्त पर खाद के लिए गठित की गईं समितियां दगा दे रही हैं। समितियों पर डीएपी खाद नहीं मिलने से किसानों की उम्मीद धूमिल पड़ रही है। किसान समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लेकिन उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। बारिश के बाद किसानों को धान की रोपाई के लिए डीएपी खाद की जरूरत है। क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों पर डीएपी नहीं है। हालात यह है कि किसान ज्यादा रकम देकर बाजार से खाद खरीदने को मजबूर हो रही है।
क्षेत्र के महुअवा अड्डा और रामनगर सहकारी समिति पर डीएपी खाद नहीं होने से इलाके के किसान परेशान हैं। पकड़डीहा,परसौनी कला, बनवाटारी, भैसहिया पाठक, बैजनाथपुर ऊर्फ चरका, भरपुरवा, सोनबरसा, बेलभार, देवपुर एवं सूर्यपुरा के किसान समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। किसान मोहम्मद खान, इशरार, इल्मुलहुदा खान, हरिनंदन उपाध्याय, राजन पाठक, बलवंत सिंह आदि ने बताया कि समिति से मिलने वाले डीएपी खाद का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन पता नहीं कब समिति पर डीएपी पहुंचेगी।
साधन सहकारी समिति पकड़डीहा के सचिव रामरतन ने बताया कि एक ट्रक डीएपी और एक ट्रक यूरिया आया था। जल्दी ही डीएपी की खेप आ जाएगी। किसानों की समस्याओं का ध्यान रखा जा रहा है।