फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: रबी की बोआई के लिए समितियों पर खाद का पर्याप्त स्टॉक, किसानों को राहत

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। रबी सीजन में गेहूं की बोआई की तैयारियों के बीच खाद को लेकर किसानों के लिए राहत की खबर है। जिले के विभिन्न ब्लॉकों की साधन सहकारी समितियों और इफको केंद्रों पर डीएपी, यूरिया, एनपीके और पोटाश का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
विज्ञापन

निचलौल, सिसवा, फरेंदा, परतावल और खुशहालनगर क्षेत्र की समितियों पर खाद का वितरण भी शुरू हो गया है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार खाद प्राप्त कर रहे हैं। कई केंद्रों पर किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद मिल रही है। वहीं, सहकारी समितियों पर किसानों के पंजीकरण और खेत के रकबे के आधार पर फिंगरप्रिंट लेकर खाद वितरित की जा रही है। हालांकि, धान की कटाई और खेतों में नमी के कारण अभी गेहूं की बोआई में तेजी नहीं आई है।
निचलौल ब्लॉक क्षेत्र की बी-पैक्स अरदौना, बेलवा, भारतखंड पकड़ी, वीसोखोर, चरगहा और गड़ौरा समेत कई समितियों पर खाद उपलब्ध है। वीसोखोर समिति में 24.750 मीट्रिक टन यूरिया और 35.900 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक है। भारतखंड पकड़ी में 34.560 मीट्रिक टन यूरिया, 16.650 मीट्रिक टन डीएपी, 6.500 मीट्रिक टन एनपीके और 15 मीट्रिक टन टीएसपी उपलब्ध है। बेलवा समिति में 8.955 मीट्रिक टन यूरिया, 3.700 मीट्रिक टन डीएपी और 6.900 मीट्रिक टन एनपीके रखा गया है।
विज्ञापन

बी-पैक्स बैठवलिया में 29.700 मीट्रिक टन यूरिया और 7.300 मीट्रिक टन एनपीके है। गड़ौरा में 11.790 मीट्रिक टन यूरिया और 1.450 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। ठूठीबारी समिति में 29.050 मीट्रिक टन यूरिया और 0.350 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक है। वहीं, टीकूलहिया समिति में 313 बोरी डीएपी और 816 बोरी यूरिया उपलब्ध है। यहां 2100 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 800 किसान खाद ले चुके हैं।
सिसवा क्षेत्र की बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बीजापार के सचिव रजनीकांत मिश्रा ने बताया कि समिति में 35 टन यूरिया और इफको पोटाश की 500 बोरी उपलब्ध हैं। डीएपी का 25 टन नया स्टॉक और पहले से 10 टन उपलब्ध था। इसमें से करीब 250 किसानों को खाद वितरित की जा चुकी है। डीएपी की नई खेप मंगलवार तक गोदाम में पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल यूरिया और पोटाश की मांग कम है और दोनों खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
फरेंदा क्षेत्र की बी-पैक्स परसाबेनी में भी खाद का वितरण जारी है। शनिवार तक समिति में डीएपी की 835 बोरी और यूरिया की 3160 बोरी पहुंची थी। इसमें से डीएपी की 825 और यूरिया की 2264 बोरी किसानों को वितरित की जा चुकी है। वर्तमान में डीएपी की 10 और यूरिया की 896 बोरी उपलब्ध हैं। सहायक लेखाकार सुदीप कुमार ने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार खाद का वितरण किया जा रहा है। किसान मैनुद्दीन, शिवपूजन, बुद्धिराम और दयाशंकर ने बताया कि आवश्यक कागजात जमा करने के बाद उन्हें आसानी से खाद मिल गई।
परतावल स्थित इफको केंद्र पर भी खाद की उपलब्धता बनी हुई है। केंद्र प्रभारी सौरभ सिंह के अनुसार अब तक यूरिया की 2000 बोरी वितरित की जा चुकी हैं। इफको पोटाश की 500 बोरी करीब 200 किसानों को दी गई हैं। डीएपी भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। केंद्र पर भीड़ कम है और प्रतिदिन करीब 100 बोरी डीएपी की बिक्री हो रही है। किसान अमित कुमार ने बताया कि वह खाद लेने पहुंचे तो उन्हें तत्काल खाद मिल गई।
खुशहालनगर क्षेत्र की साधन सहकारी समिति भुवनी और चौमुखा में भी किसानों की जरूरत के अनुसार खाद की व्यवस्था की गई है। समिति सचिव आलोक मिश्रा ने बताया कि गोदाम में खाद उपलब्ध है। किसानों को उनके खेत के रकबे के आधार पर नियमानुसार खाद दी जा रही है, ताकि खेती-किसानी के काम में परेशानी न हो।

रकबा के आधार पर फिंगरप्रिंट से हो रहा खाद का वितरण
सहायक विकास अधिकारी सहकारिता संकेत बिहारी पटेल ने बताया कि निचलौल ब्लॉक की सभी खाद समितियों के गोदामों में स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। कई समितियों पर वितरण भी शुरू हो चुका है। किसानों की सुविधा के लिए नजदीकी बी-पैक्स समितियों पर उनके खेत के रकबे के अनुसार कार्ड बनवाए गए हैं। इसी के आधार पर फिंगरप्रिंट लेकर खाद वितरित की जा रही है। विभाग की ओर से समितियों पर खाद की उपलब्धता बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।

बोले किसान
कागजात जमा करने के बाद समय से खाद आसानी से मिल जा रहा है। गेहूं की बोआई करने में अब कोई कठिनाई नहीं होगी
- मैनुद्दीन, परसाबेनी
गोदामों पर भी रोस्टर के अनुसार खाद वितरण किया जा रहा है, जिससे इससे निर्धारित समय पर ही खाद लेना पड़ता है।
- सुभाष कसौधन, खोन्हौली

बोले अधिकारीजिले में रबी सीजन की बोआई के लिए खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में 30,585 मीट्रिक टन यूरिया, 6,294 मीट्रिक टन डीएपी और 6,893 मीट्रिक टन एनपीके का स्टॉक है। इसके अलावा रबी अभियान के अंतर्गत 7,363 मीट्रिक टन डीएपी, 2,028 मीट्रिक टन एनपीके और 9,706 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है। किसानों को उनकी जरूरत और खेत के रकबे के अनुसार खाद वितरित कराई जा रही है। खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन

- सुनील कुमार गुप्ता, एआर कोऑपरेटिव
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें