परतावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में सरकारी दवाओं की चोरी का मामला सामने आया है। डी-फार्मा की इंटर्नशिप कर रहा एक युवक सरकारी दवाएं चुराकर अपने घर ले जाता हुआ रंगे हाथों पकड़ा गया। अधीक्षक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद युवक से माफीनामा लेकर उसे छोड़ दिया गया है। पूरे प्रकरण की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। परतावल चौकी के उपनिरीक्षक अंकित चौरसिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।