थाना सिंदुरिया क्षेत्र के सिंदुरिया-चिउटहां मार्ग स्थित खजुरिया की घटना
चिउटहां। थाना सिंदुरिया क्षेत्र के सिंदुरिया-चिउटहां मार्ग स्थित खजुरिया में सोमवार तड़के एक ट्रेडर्स एवं बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया। विस्फोट से छत की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय दुकान के एक कमरे में रोहित कुमार और मुन्ना अंसारी सो रहे थे। सोमवार सुबह करीब तीन बजे अचानक कमरे में तेज गर्मी महसूस होने पर दोनों की नींद खुल गई। आंख खुलने पर उन्होंने देखा कि कमरे में आग लगी हुई है। दोनों तत्काल कमरे से बाहर निकले और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
दुकान मालिक बलवंत यादव के मुताबिक आग में दो सीसीटीवी कैमरे व सिस्टम, बिजली का मीटर, दो पंखे, कूलर, 20 लीटर की पेंट की बाल्टी, चौकी, खटिया समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। बलवंत यादव ने आशंका जताई कि जंगल की ओर से किसी ने ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगाई है। उनका कहना है कि तीन दिनों से घर में बिजली नहीं आई है, ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका नहीं है।
थानाध्यक्ष सिंदुरिया अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। आग के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।