पनियरा में उपभोक्ता और गैस कर्मचारियों से मारपीट।
महराजगंज। करीब दो माह से जारी गैस की किल्लत की वजह से अब उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को पनियरा में स्थित सावर्णी गैस एजेंसी पर कर्मचारियों व उपभोक्ताओं में मारपीट हो गई।
मामले का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो के सत्यता की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता है। मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। हालांकि मामले में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को सावर्णी गैस एजेंसी के कर्मचारी रहसुगुरु बागीचे में गैस सिलिंडर लदी गाड़ी लाकर सिलिंडर वितरित करने जा रहे थे। मौके पर सैकड़ों उपभोक्ता लाइन में खाली सिलिंडर लेकर खड़े थे। इसी बीच गैस वितरण को लेकर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद अन्य उपभोक्ताओं ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लोगों का कहना है कि होम डिलीवरी के नाम पर एक हजार रुपये लिया जा रहा है। इसके बाद भी होम डिलीवरी नहीं की जा रही है। गैस गोदाम से दूर जाकर रहसुगुरु बागीचा, समय मां के स्थान और कमासिन खुर्द में स्थित बगीचे में गैस सिलिंडर वितरित किया जा रहा है। गैस सिलिंडर की गाड़ी हर गांव या हर घर नहीं जा रही है। इस वजह से गाड़ी देखते ही इन जगहों पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठी हो जा रही है। लोग रात से ही लाइन लगाकर गैस लेने के लिए परेशान हैं। इस संबंध में संबंधित गैस एजेंसी की प्रोपराइटर रीता सिंह ने बताया कि पुराने उपभोक्ताओं की बुकिंग वालों को गैस सिलिंडर दिया जा रहा है लेकिन तत्काल बुकिंग वाले लोग गैस मांग रहे थे जबकि उनके पास डीएसी नंबर नहीं था। इसके बाद वह हाथापाई करने लगे।
वहीं थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले को लेकर दोनों पक्षों ने घटना की तहरीर दी थी। दोनों पक्षों ने बैठकर समझौता कर लिया है।