महिलाएं और बच्चे झुलसे
जानकारी के अनुसार घर में नाजिया और शाहजहां खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलिंडर से अचानक रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। वहीं पास में खेल रहे बच्चे नूरहसन और सना खातून भी झुलस गए। परिवार का नूरमोहम्मद भी आग बुझाने के प्रयास में घायल हो गया। महिलाओं में शाहजहां और नाजिया गंभीर रूप से झुलस गई हैं।
शाहजहां की हालत नाजुक
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार शाहजहां की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घर में चार जून को है शादी
पीड़ित परिवार के सदस्य नूर मोहम्मद ने बताया कि आगामी 4 जून को उनकी बहन की शादी तय थी। शादी की तैयारियों को लेकर घर में कपड़े, टीवी, जरूरी सामान और कुछ नकदी रखी गई थी, जो आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।