छह से आठ घंटे कटौती, लोग परेशान
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। शहर में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। हर रोज औसतन छह से आठ घंटे दिन में बिजली कटौती हो रही है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कटौती व इस उमस भरी गर्मी में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों को हो रही है। बिजली कटने पर जिला अस्पताल में जनरेटर चलाने में कर्मचारी हीलाहवाली करते हैं। इससे मरीजों की दिक्कत बढ़ जाती है।
उधर, शनिवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं रात के वक्त होने वाली कटौती से भी लोग परेशान हैं। उधर, पॉश एरिया में भी छह घंटे कटौती हो रही है। विद्युत निगम के अधिकारी सिर्फ समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर जिम्मेदारी से अपना पल्ला झाड़ ले रहे हैं। शहर में हो रहे छह से आठ घंटे तक बिजली कटौती से नगर पालिका परिषद के 25 वार्डों में रहने वाली करीब 38 हजार आबादी परेशान है। बिजली कटौती के साथ ही लोग लो वोल्टेज की समस्या से भी जूझ रहे हैं। रात के समय में बिजली आने पर लो वोल्टेज के कारण लोगों की परेशानी बढ़ जा रही है। लोगों का कहना है कि दिन में छह से आठ घंटे तक की कटौती तथा रात में लो वोल्टेज के कारण इस उमस भरी गर्मी में परेशानी बढ़ गई है। लो वोल्टेज की सबसे ज्यादा समस्या राजीवनगर, शास्त्री नगर, नेहरू नगर, गांधीनगर, सरोजनी नगर आदि इलाकों में है। रात के समय लो वोल्टेज के कारण लोग परेशान रहते हैं। इसके चलते रात के समय लाइट आने पर भी लोगों को कोई फायदा नहीं होता है। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड कारण कई जगहों पर वोल्टेज काफी कम हो जाता है। इस समस्या के समाधान की कोशिश की जा रही है।बिजली कटौती से सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों और बुजुर्गों हो रही है। शनिवार को जिला अस्पताल में बिजली कटने के दौरान करीब आधे घंटे बाद जनरेटर चलाया गया। इस बीच मरीज परेशान रहे। कोटा मुकुंदपुर गांव से आए महेंद्र ने बताया कि तीन दिन से उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं। बिजली कटती है तो दिक्कत होती है। जनरेटर चलाने में बिना वजह देर की जाती है।