मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत मिट्टी और चावल लेते सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया।संवाद
महराजगंज। आजादी का अमृत महोत्सव को यादगार बनाने के लिए हम सभी को ‘मेरी माटी-मेरा देश’ कार्यक्रम को उत्सव के साथ मनाना चाहिए। इस अभियान का उद्देश्य उन बहादुर वीर स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों का सम्मान करना है। जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उक्त बातें सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के दौरान शहर में भ्रमण के दौरान शुक्रवार को कही। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत प्रत्येक गांव की मिट्टी तथा हर घर से एक चुटकी चावल को एक नमूने के तौर पर जुटाकर अमृत कलश यात्रा के रूप में दिल्ली भेजा जाएगा। यह मिट्टी के कलश कर्तव्य पथ पर अमृत वाटिका में पौधों के नीचे प्रयोग होंगे।
सदर विधायक के साथ कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर मिट्टी और चावल लिया और कलश में रखवाया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, जितेंद्र कन्नौजिया, महेंद्र गुप्ता, प्रदीप गौड़, अशोक गुप्ता, राकेश अग्रहरि आदि मौजूद रहे।