फरेंदा। क्षेत्र के प्रेम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी। मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन किया गया। जहां दूर दराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और मेले का आनंद लिया।
फरेंदा कस्बे के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भव्य तरीके से मनाई गई। इसमें पड़ोसी देश नेपाल के साथ अन्य जिलों से भी लोग शामिल हुए। मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की मनमोहक झांकी बनाई गई, जिसकी सुंदरता भक्तों व दर्शनार्थियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। परिसर में राधा-कृष्ण का प्रेम, गोवर्धन पर्वत उठाने, माता यशोदा का नन्हे गोपाला को ओखली में रस्सी से बांधना, गोपियों के साथ रासलीला की झांकियों के साथ पहाड़ पर शिवपार्वती की मूर्ति आकर्षण का केंद्र रहीं।
मंदिर को रंग बिरंगी झालर से सजाया गया है। दर्शनार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई। भारी वाहनों का कस्बे में प्रवेश वर्जित रखा गया। प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की तैनाती की गई है।