गांवों में नहीं हो रहा टीकाकरण, अस्पतालों में बढ़ी भीड़
- कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोगों को करना पड़ रहा घंटों इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। गांवों में टीकाकरण नहीं हो रहा है। जिससे सीएचसी एवं जिला अस्पताल में भीड़ बढ़ गई है। लोगों को टीका लगवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा परिसर में मंगलवार को लंबी कतार लगी रही। तेज धूप में लोग टीका लगवाने के लिए इंतजार करते रहे। घंटे भर बाद इंतजार के बाद टीका लगवाने का नंबर आया। लोगों ने कहा कि टीके की कमी से गांव में कैंप लगना बंद हो गया है, जिससे अस्पताल में भीड़ बढ़ गई है। वहीं जिला अस्पताल समेत अन्य केंद्रों पर लोगों की लंबी कतार लगी रही।
करीब 5000 की आबादी वाले पिपरा कल्याण गांव में अभी तक कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए कैंप नहीं लगा है। लोगों को गांव में कैंप लगने का इंतजार है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ गांव की टीम कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए लोगों को प्रेरित कर रही हैं। पिपरा कल्याण गांव में 2 जून को कोरोना जांच के लिए कैंप लगाया गया था। आशा गेनिया देवी, रीता, सरोज एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता शर्मा, सरोजनी पटेल, जानकी देवी, शांति, ललित पटेल ने बताया कि गांव में कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
भीड़ के वजह से टीका लगाने में थोड़ी समस्या हो रही है। वैक्सीन उपलब्ध होते ही गांव में भी कैंप लगना शुरू हो जाएगा। हर हाल में शत प्रतिशत टीका लगाया जाएगा।
- डॉ. विपिन कुमार शुक्ला, अधीक्षक, सीएचसी, मिठौरा
कतार में खड़ी महिला को सर्प ने डसा
सोनौली। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 के मदरसा मे कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए लाइन में खड़ी एक महिला को सांप ने डस लिया। जिसके कारण वहां अफरातफरी मच गई। कुछ देर के लिए टीकाकरण कार्यक्रम को बंद कर दिया गया। महिला को भैरहवा भीम अस्पताल गांव वालों की मदद से पहुंचाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवंम त्रिपाठी ने बताया कि वार्ड नंबर 1 की रहने वाली मरियम को सांप ने डस लिया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत ठीक है।