लक्ष्मीपुर। लक्ष्मीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनरसिहा खुर्द स्थित पोखरे में शुक्रवार को मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों मगरमच्छ को पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया।
पोखरे में मगरमच्छ होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए आपसी सहयोग से मगरमच्छ को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और वन विभाग की टीम को सौंप दिया। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर उसे जंगल में छोड़ दिया।
रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से पोखरे और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।