महराजगंज। कोटेदार के अनियमितता के विरोध में शनिवार को सदर क्षेत्र के बरगदवाराजा के लोगों ने डीएम को ज्ञापन दिया। यहां के प्रवीण यादव ने आरोप लगाया कि बलराम यादव 20 वर्षों से कोटे की दुकान चला रहे हैं। गरीब, दलित व अन्य उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री वितरण में घोर अनियमितता करते हैं।
उन्होंने बताया कि पूछे जाने पर मारपीट के लिए तैयार हो जाते हैं। इतना ही नहीं, रेट से अधिक दाम लेते है तथा तौल में सामान कम देते है। अपने चेहतों को ही मिट्टी तेज, राशन व चीनी का वितरण करते हैं। कार्डधारकों को सामान नहीं देते हैं। पात्र व्यक्तियों का नाम सूची से निकलवा कर चहेतों का नाम अंकित करा दिए हैं। उन्होंने कोटेदार की जांच कराकर नए सिरे से दुकान आवंटन की मांग की है।
इस दौरान पवन कुमार, अमर नाथ, श्याम सुंदर, रामचंद्र, सुग्रीव, जगदीश, सावित्री आदि उपस्थित रहे।
कोटेदारों पर मनमानी करने का आरोप
नौतनवा। कोटेदारों द्वारा राशन कार्ड धारकों को राशन नहीं देने तथा गृहस्थी पात्र योजना में धांधली करने सहित कई मांगों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता ने शनिवार को डीएम को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। पत्र में जितेंद्र जायसवाल का कहना है कि मैनुअल कार्ड धारकों को कोटेदार राशन नहीं दे रहे हैं। कोटेदारों द्वारा कार्ड धारकों से कहा जा रहा है कि इलेक्ट्रानिक कार्ड धारकों की सूची में उनका नाम नहीं है।
पुराने कार्ड पर उन्हें सिर्फ मिट्टी का तेल ही मिलेगा। ज्यादातर कार्ड धारकों की यूनिट की संख्या इलेक्ट्रानिक कार्ड में घटा दी गई है। ऐसे ही कई परिवार गृहस्थी पात्र योजना के पात्र हैं, लेकिन नई सूची में उनका नाम नहीं है। इसकी शिकायत कोटेदारों और सप्लाई इंस्पेक्टर से कई बार की जा चुकी है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जो कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना की मंशा के विपरीत है। जनहित में समस्याओं के समाधान की मांग की है।