महराजगंज। दो स्थानों पर अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के रामपुरमीर पुल के पास बस की चपेट में आने से भागाटार निवासी रामा निगम की मौत हो गई। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर चौराहे पर ट्रक की चपेट में आने से पैसिया ललाइन के अलाउद्दीन की जान चली गई।
पुरंदरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, रानीपुर चौराहे पर मंगलवार को ट्रक की चपेट में आने से पैसिया ललाइन के अलाउद्दीन की मौत हो गई। मौके पर यूपी 100 की गाड़ी मौजूद थी। ग्राम पंचायत पैसिया ललाइन निवासी अलाउद्दीन (45) मंगलवार को दोपहर करीब बारह बजे खाना खाने के बाद बाइक से फरेंदा जा रहे थे।
गोरखपुर सोनौली हाइवे के रानीपुर चौराहे पर बाइक खड़ी कर डिकी से कागज निकालने लगे। इसी दौरान नौतनवां की ओर से गोरखपुर जा रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे के काफी देर तक अलाउद्दीन सड़क पर ही तड़पता रहा। मौके पर लोगों ने ट्रक को रुकवाकर चालक को पकड़ लिया। इसी दौरान घायल अलाउद्दीन की मौत हो गई। मौके पर यूपी 100 की गाड़ी मौजूद रही। पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। अलाउद्दीन के लड़के मोहम्मद आलम और शेर आलम सहित चौराहे के कई लोगों ने बताया कि अगर तत्काल अस्पताल पहुंचा दिया गया होता तो शायद अलाउद्दीन की जान बच जाती।
मिठौर प्रतिनिधि के अनुसार, सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के रामपुरमीर पुल के पास मंगलवार को प्राइवेट बस की टक्कर से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। भागाटार निवासी रामा निगम का मकान बन रहा था जिसके कारण वह मंगलवार को दिन में एक बजे अपने घर से एसबीआई महराजगंज शाखा में रकम निकालने बाइक से जा रहे थे।
अभी वह रामपुरमीर पुल के पास पहुंचे ही थे कि महराजगंज से निचलौल की तरफ जा रही प्राइवेट बस की चपट में आ गए और बाइक सहित रामा निगम गड्ढे में गिर गए। गंभीर रूप से घायल रामा निगम की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान मौका पाकर चालक बस छोड़कर भाग गया। कोतवाली पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।