पुलिस की गाडी से हल्की खरोंच से बिगड़ा मामला
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। रतनपुरवां के लौकियाबान टोला में ट्रैक्टर ट्रॉली से यूपी-100 की बोलेरो में शनिवार सुबह 9 बजे खरोंच लग गई। टैक्टर चालक ने पुलिस वालों से कहा कि खरोच को ठीक करा दूंगा। फिर भी पुलिस कर्मी नहीं माने। तीन संख्या में पुलिस वाले ट्रैक्टर चालक पर टूट पड़े। अभी पुलिस कर्मी ट्रैक्टर चालक को दो-तीन चाटा जडे़ ही थे कि गांव के लोग आक्रोशित हो गए। करीब 20 से अधिक की संख्या में लोग पुलिस वालों पर टूट पड़े। अपने को घिरता देख पुलिसकर्मियों ने पनियरा थाने को सूचना दी। मौके पर थाने से तमाम पुलिसकर्मी पहुंच गए। फिर भी पुलिसकर्मियों ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पुलिसकर्मियों की गलती के कारण ही सारा मामला बढ़ा। गांगी की ओर से यूपी-100 की बोलेरो पनियरा की ओर जा रही थी। रास्ते में टेंट का सामान लादकर ट्रैक्टर ट्राॅली लेकर पप्पू निषाद जा रहे थे। इस बीच यूपी-100 की गाडी ओवर टेक करने के दौरान किनारे से खरोच लग गई। लोगों के मुताबिक टैक्टर चालक तुरंत बोला साहब गलती हो गई। खरोच को ठीक कराने में जो रकम खर्च होगा, उसे दे दूंगा लेकिन पास में खड़े पुलिसकर्मी ने पप्पू को चाटा जड़ दिया।