निचलौल। सोहगीवरवां वन्य जीव प्रभाग के मधवलिया वन्य क्षेत्र के बरोहिया में जिला पंचायत सदस्य की आरामशीन पर डीएफओ ने शनिवार की रात छापेमारी कर मशीन को सीज कर दिया। जिला पंचायत सदस्य टीमल के संचालन वाली आरा मशीन पर अवैध चिरान की सूचना पर डीएफओ मनीष सिंह, मधवलिया रेंजर डीके तिवारी, बैजनाथ, अवधेश मौर्य के साथ बरोहिया स्थित आरा मशीन पर छापेमारी की।
आरा मशीन का लाइसेंस राजेंद्र दीक्षित के नाम है। इसे टीमल संचालित करते हैं। आरा मशीन पर बिना टीपी के 139 बोटा आम की लकड़ी व 13 बोटा शीशम की लकड़ी बरामद की जो गनेशपुर गांव थाना चौक से काटकर लाई गई थी। आरा मशीन की बाउंड्री नहीं कराई गई थी तथा स्टाक रजिस्टर मेंटेन नहीं था। इसके कारण आरामशीन को सीज कर दिया गया।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी डीके तिवारी का कहना है कि ट्रांजिट परमिट न होने तथा स्टाक रजिस्टर मेंटेन न होने के कारण आरा मशीन को सीज कर दिया गया।
उधर, सोहगीवरवा वन्य जीव प्रभाग के मधवलिया वन्य क्षेत्र मे रविवार को वन विभाग की टीम ने सिंहपुर गांव से गन्ने के खेत से 11 बोटा सागौन की लकड़ी बरामद की। रविवार को सुबह मुखबिर की सूचना पर मधवलिया रेन्जर डीके तिवारी, वन दरोगा बैजनाथ, अवधेश मौर्य, कासिम अली ने छापेमारी कर गन्ने के खेत में छिपा कर रखी गई 11 बोटा सागौन की लकड़ी बरामद की। लकड़ी को निचलौल रेन्ज लाकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध वन्य जीव व फारेस्ट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। चोरों के बारे में पता लगाया जा रहा है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।