फरेंदा। भैया फरेंदा सें दुकान बंद कर वापस बाइक से घर जाते समय पिकअप की चपेट में आने से युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उसके साथ दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के परासखाड़ निवासी राजू चौधरी (19) भैया फरेंदा के सैनिक गांव के सामने बेकरी की दुकान करता था। वह रोज की भांति मंगलवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर अपने रिश्तेदार बैकुंठपुर निवासी विमलेश चौधरी (16) के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे था।
दोनों अभी दुकान से कुछ ही दूर पहुंचे थे कि पीछे से गोरखपुर से सोनौली की तरफ जा रही पिकअप की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक पर सवार राजू चौधरी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। साथ जा रहे विमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया।
जहां पर राजू को मृत घोषित कर दिया गया। विमलेश की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। राजू चौधरी की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बाइक को चपेट में लेने वाले वाहन को छोड़ कर उसका चालक फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।