धानी। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की रात करीब 8 बजे शौच के लिए गई 6 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। सीओ फरेंदा समेत पुलिस अमले ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार है उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़ित बालिका घर से मुश्किल से सौ मीटर की दूूरी पर पहुंची ही थी कि एक युवक ने बच्ची को पकड़ लिया और गांव के पूरब एक बागीचे में ले जाकर दुष्कर्म किया। बेहोशी की हालत में बच्ची को छोड़कर आरोपी फरार हो गया। घटना के कुछ देर बाद गांव की एक महिला उसी रास्ते से घर जा रही थी। उसने बच्ची के कराहने की आवाज सुनी।
महिला ने जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत पीड़ित बच्ची के परिवार वालों को सूचना दी। घर वाले वहां पहुंचे। बच्ची ने परिवार वालों से आप बीती बताई। उसने बताया कि आरोपी मुंह पर रुमाल बांधे था, जिससे वह उसको पहचान नहीं पाई। बालिका की हालत गंभीर देख घर वाले बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए।
वहां डाक्टर न होने पर जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर स्थिति में बच्ची का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होने पर सीओ फरेंदा, थानाध्यक्ष बृजमनगंज चंद्रेश यादव और चौकी इंचार्ज धानी गजेंद्र पांडेय ने घटना स्थल का मुआयना किया। उन्होंने पीड़ित के परिवार वालों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि पीड़ित बच्ची के पिता की तरफ से तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।