जिला मुख्यालय पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेते डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह व मौजूद अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों मेें विद्यार्थियों में निशुल्क ड्रेस वितरण की शुरुआत लोहिया गांवों के स्कूलों से होगी। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने सभी 165 लोहिया ग्रामों में ड्रेस वितरण का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि स्कूल में नियमित आने वाले छात्र-छात्राओं को ही ड्रेस दी जाएगी। वे बुद्धा सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
डीएम ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2016-17 के 35 लोहिया ग्रामों में कुल 103 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन बनेंगे। कार्यक्रम अधिकारी को निर्माण स्थल का चयन कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। 35 गांवोें में कुल 682 सोलर स्ट्रीट लाइट लगेगी। इसके लिए भी स्थल चिह्नित करने को कहा। उन्होंने लोहिया ग्राम में रकम जारी होने के बाद भी शौचालय निर्माण न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीडीओ को इसकी समीक्षा कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की हिदायत दी। निशुल्क बोरिंग से 30 लोहिया गांव संतृप्त हो गए हैं। 35 लोहिया गांव में 2180 वृद्धावस्था, 1141 विधवा तथा 2741 समाजवादी पेंशन योजना देने का लक्ष्य आवंटित करते हुए तत्काल प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा।
डीएम ने कहा कि लोहिया गांव के सभी पात्र व्यक्तियों को पेंशन का लाभ दिलाया जाएगा। शादी अनुदान योजना में पात्र को धन दिलाने में सक्रियता बरतने की हिदायत दी। डीएम को बताया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 27 तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में 24 गांव संतृप्त हो गए हैं। कौशल विकास मिशन में 53 युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। श्रम विभाग जिले में कार्यरत सभी आउट सोर्सिंग वाले लाइनमैन का रजिस्ट्रेशन कराएगा।
उन्होंने समाजवादी पेंशन योजना में लगभग दस हजार लाभार्थियों का सत्यापन न होने पर असंतोष जताया तथा ब्लाकवार सूची तलब की हैं। राष्ट्रीय पारिवारिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत 1539 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। जबकि मात्र 236 स्वीकृत किए गए हैं। लंबित मामलों के निस्तारण में अधिकारियों से तेजी लाने को कहा। उन्होंने 11 जुलाई को विश्व कीर्तिमान स्थापित करने के लिए पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया। बैठक का संचालन दीपक पांडेय ने किया। इस दौरान पीडी आरएम उपाध्याय, डीडीओ एसएन सिंह, अशोक मौर्या, राजेन्द्र प्रसाद, घनश्याम सागर आदि उपस्थित रहे।