मुजफ्फरनगर। पंजाब से फरार चल रहे पशु तस्करों की तलाश में पुलिस ने स्थानीय पुलिस अफसरों से संपर्क साधा है। एसपी क्राइम ने कांवड़ मेले के बाद गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पंजाब पुलिस फरार आरोपियों के पते तस्दीक करने में जुटी है। आरोपी तितावी, छपार और चरथावल थाना क्षेत्र में रहने वाले बताए गए हैं।
पंजाब के डीजीपी ने पशुओं की तस्करी के मुकदमों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश पंजाब पुलिस को दिए हैं। इसके लिए 27 जुलाई को रिपोर्ट मांगी गई है। पशु तस्करों की तलाश में जिला मानसा से एसआई ओपी सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी शनिवार को पुलिस ऑफिस पहुंची। एसआई ने एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता को बताया कि तितावी, छपार और चरथावल थाना क्षेत्रों में उनके यहां के पशु तस्करों के मुकदमों से संबंधित 16 अपराधी वांछित चल रहे हैं। सभी आरोपी वर्ष 2004 से फरार हैं। एसआई ने एसपी क्राइम से उनकी गिरफ्तारी के लिए फोर्स उपलब्ध कराने की बात कही। एसपी क्राइम ने पुलिस पार्टी को पहले आरोपियों के सही ठिकाने और पते तस्दीक करने के लिए कहा है। 16 आरोपियों के बारे में पता करें कि वह कहां रहते हैं, क्या काम करते हैं और किसके पास रहते हैं। कांवड़ मेले के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।