राप्तीनगर के कानापार घाट में नहाते समय बच्चियां डूब गईं। परिवार में कोहराम मच गया।
- फोटो : प्रदीप अग्रहरि
धानी के राप्तीनगर कानापार घाट पर रविवार की सुबह नहाने गई पांच बालिकाएं नदी में डूब गईं। तीन युवकों के सहयोग से तीन को बचा लिया गया लेकिन दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। तीनों लड़कियां एक ही गांव की रहने वाली थीं। घटना से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर घर वालों को सौंप दिया।
बृजमनगंज क्षेत्र के कानापार निवासी 13 वर्षीय अर्चना , 12 वर्षीय निकिता , 11 वर्षीय मुस्कान ,9 वर्षीय तन्नु व खुशी रविवार को दिन में 11 बजे के करीब राप्ती नदी में नहाने के लिए घर से निकलीं। नदी पर सबसे पहले खुशी व मुस्कान पहुंची। कुछ देर बाद बाकी की लड़कियां पहुंची। पांचों एक साथ नदी में नहाने के लिए गई। नहाने के दौरान ही दौरान अर्चना गहरे पानी में चली गई। जिसको देख कर निकिता बचाने के उद्देश्य से उसके पास चली गईं। दोनों को गहरे पानी में जाते देख मुस्कान, तन्नु व खुशी भी उस ओर बढ़ दी। जिससे वे भी डूबने लगी। तभी चिल्लाने की आवाज सुनकर थोड़ी दूर पर खड़े धानी बाजार के संतोष अग्रहरी, रामकृष्ण पाठक, व प्रदीप सहानी ने दौड़ कर डूबते बालियों को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद मुस्कान, तन्नु व खुशी को तो बचा लिया लेकिन अर्चना व निकिता को नहीं बचाया जा सका। डूबने से उनकी मौत हो गई। घायल लड़कियों को सीएचसी धानी में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पाकर मिलनते विधायक विनोद तिवारी, एडीएम कृपाशंकर पांडेय, सीओ रचना समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे।