महराजगंज। उसरहवा नर्सरी में दस वर्षीय बालिका के साथ साठ वर्षीय वृद्ध ने दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है। पीड़ित बालिका के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने हालांकि मुकदमा दर्ज नहीं किया है, लेकिन आरोपी की तलाश में कई जगह छापेमारी की। इस घटना से आसपास के गांवों में दहशत की स्थिति है। घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के वन ग्राम उसरहवा नर्सरी में बृृहस्पतिवार को साठ वर्षीय व्यक्ति ने दस वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय लड़की के माता-पिता अपने रिश्तेदारी में गए थे। लड़की अपने घर के सामने बने मचान पर सोई थी। तभी गांव का एक व्यक्ति उसके माता-पिता को पूछते हुए घर में घुस गया। लड़की को मचान पर सोया देख उसकी दरिंदगी जाग गई। मचान पर चढ़कर लड़की के मुंह को बंद कर जबरन दुष्कर्म किया।
जाते-जाते मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी और मुंह न खोलने पर रुपये का लालच भी देता गया। घटना की जानकारी परिजनों को तब हुई जब वे शाम को घर पहुंचे। दो दिन तक मामले को मैनेज करने के लिए आरोपी की ओर से रुपये का लालच दिया जा रहा था। बात जब नहीं बनी तो लड़की के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी। पीड़ित बालिका के पिता का कहना है कि इस तरह की घटना आरोपी ने कई बार की है। लेकिन वह पैसे के बल पर छूट जाता है। उसके खिलाफ कोई मुंह भी नहीं खोलता है। आरोपी एक नेता का पिता बताया जा रहा है।