सहारनपुर के बेहट में मांझीपुर निवासी ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चर्चा है कि उसकी मौत शराब के सेवन से हुई है, लेकिन परिजनों का कहना है कि पिछले दिनों बरसाती नदी में आई बाढ़ के तेज बहाव से हुए भूमि कटाव में उसकी डेढ़ बीघा जमीन नदी में कट गई थी,
इससे उसकी सदमे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कोतवाली क्षेत्र के मांझीपुर गांव निवासी धूम सिंह (45) रविवार की सुबह पांच बजे गांव के ही प्रदीप के खेत की तरफ शौच के लिए गया था।
कुछ देर बात गांव का ही दारा सिंह वहां से गुजरा तो धूम सिंह जमीन पर अचेत हालत में पड़ा हुआ था। उसने इसकी उसके परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसको डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरने के बाद शव को पीएम के लिए भिजवा दिया। मृतक के भाई के चरण सिंह ने बताया कि बरसाती नदी में पिछले दिनों आई बाढ़ के तेज बहाव पानी से हुए कटाव में उसके उसकी करीब डेढ़ बीघा भूमि नदी में कट गई थी,
इससे वह तनाव में था। उसके तीन बच्चे भीमा (17), राहुल (19) और विजयपाल (15) है। उधर, कोतवाली प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।