घटनास्थल पर पहुंचे एसपी आरपी सिंह ने जरूरी जानकारी ली।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
घुघली। थाना क्षेत्र में नहर के पास नौ वर्षीय बालिका को दरिंदों ने लहूलुहान हालत में फेंक कर फरार हो गए। बालिका नहर के किनारे दर्द से कराह रही थी। इस बीच बकरी चरा रहे शख्स की उस पर नजर पड़ी तो उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बालिका को अस्पताल में भर्ती कराया।
साथ ही उसके घर वालों के बारे में पता करने में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आरपी सिंह ने भी मौके का जायजा लिया और घटना के बारे में जानकारी दी। गुरुवार को घुघली थाना क्षेत्र के बेलवा तिवारी गांव के पास नहर के बगल में लहूलुहान हालत में मिली बालिका के कपडे़ फटे हुए थे।
परिस्थितियां उसके साथ हुई हैवानियत बयां कर रही थीं। उसे देखते ही बकरी चरा रहा शख्स सन्न रह गया। उसने बालिका को अपने तौलिए से ढका। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी। घुघली पुलिस ने बालिका को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
थानाध्यक्ष घुघली आरके सिंह ने बताया कि बालिका की उम्र करीब 9 वर्ष है। लहूलुहान हालत में वह नहर के पास मिली। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके परिजनों के बारे में जानकारी ली जा रही है। जांच पड़ताल के बाद जो भी कसूरवार पाया जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।