पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलघाट बाजार चौराहे पर मारपीट मंे घायल लोग।
- फोटो : अमर उजाला
परतावल। श्यामदेउरवा चौराहे पर दाढ़ी बना रहे नाई से दाढ़ी बनवाने को लेकर दो युवक भिड़ गए। नशे में धुत दोनों युवकों को थाने के दीवान समझाने गए तो उनसे भी उलझ गए और नाई को मारने-पीटने लगे। दीवान ने बचाने की कोशिश की तो उनको भी दौड़ा लिया।
नकटिया गांव निवासी मेहताब व जिबरील बड़हरा गंजन रोड श्यामदेउरवा स्थित छोटू हेयर कटिंग पर अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे दाढ़ी बनवाने पहुंचे। उसी दौरान दोनों युवक पहले दाढ़ी बनवाने की बात को लेकर आपस में उलझ गए और हाथापाई करने लगे। नाई ने मना किया तो दोनों युवकों ने मिलकर नाई की धुनाई शुरू कर दी। इसके बाद श्यामदेउरवा थाने के दीवान बीच-बचाव करने लगे। दोनों युवक दीवान से भी उलझ गए। दोनों की दीवान से कहासुनी होने लगी। युवक नशे में धुत थे। उनकी स्थिति देखकर दीवान कपड़े की दुकान पर जा कर बैठ गए। जहां पहले से थाने के दो सिपाही थे।
पुलिस से मिली सूचना के बाद कुछ ही मिनट में श्यामदेउरवा थाने की जीप एवं बाइक पर सवार करीब 15 की संख्या में पुलिस के जवान आए। दोनों युवकों को लेकर थाने गए। इस संबंध में इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि नशे में धुत दो युवक नाई से दाढ़ी बनवाने को लेकर उलझ गए। बीच बचाव करने गए दीवान से भी उलझ गए दोनों युवकों को थाने पर पकड़ कर लाया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।