कप्तानगंज रोड पर स्थित डाकघर में बुधवार की रात चोरों ने तिजोरी काटकर उसमें रखा 3.23 लाख रुपये चुरा लिया। पुलिस चौकीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह वहीं पर मौजूद था लेकिन उसे पता ही नहीं चला कि चोरी कब हुई।
घटना के संबंध में तहरीर दे दी गई है। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल बाजार में कप्तानगंज रोड पर डाकघर है। बुधवार की रात चोर शटर का ताला तोड़कर अंदर रखी तिजोरी में से 3.23 लाख रुपये चुरा ले गए। वहीं ड्यूटी पर तैनात चौकीदार राजदेव सोता रहा और उसको चोरी के बारे में पता भी नहीं चला। रोज की तरह बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे बड़े बाबू राम कुमार गुप्ता डाकघर पहुंचे तो शटर टूटा देख सन्न रह गए। अंदर गए तो देखे की तिजोरी भी टूटी है। उसमें रखे रुपये भी गायब हैं। मौके से तिजोरी तोड़ने में इस्तेमाल किया गया पिलास, सब्बल और पेचकस मिला।
बड़े बाबू ने इसकी सूचना तत्काल परतावल चौकी प्रभारी अवधेश तिवारी और डाक निरीक्षक पूर्वी गोरखपुर मंडल राजेश यादव को दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने चौकीदार राजदेव यादव से पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया।
घटना के संबंध में बड़ेे बाबू ने पुलिस को तहरीर दी है। एसओ रमाकर यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण क्लू मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।