गांव में पुलिस का पहरा, दुष्कर्म के आरोपी को जेल
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज/पुरंदरपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी ग्राम प्रधान और उसे भगाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, दूसरी तरफ मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। किशोरी को इलाज के बाद महिला पुलिस के संरक्षण में रखा गया है। महिला पुलिस उससे भी घटना के बारे में पूछताछ की है।
घटना के बाद बुधवार की रात गांव में ही दुष्कर्म के आरोपी ग्राम प्रधान अख्तर खां को पुलिस ने एक घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं ग्राम प्रधान को संरक्षण देने के आरोपी सरवरे आलम को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी आरपी सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान अख्तर के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और उसका सहयोग करने वाले सरवरे आलम के खिलाफ जानमाल की धमकी देने, सबूत मिटाने आदि की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। गांव में होने वाली प्रत्येक हलचल पर पुलिस की नजर है। वहीं क्षेत्राधिकारी नौतनवां और फरेंदा को गांव में सुरक्षा व्यवस्था के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।