महराजगंज में कोल्हुई में करंट लगने से संतकबीरनगर के मेंहदावल निवासी घड़ीसाज की मौत हो गई। मोटर चालू करने के दौरान लगे बिजली के झटके से वह बेसुध होकर गिरे तो सिर में गंभीर चोट लग गई।
लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संतकबीरनगर के मेंहदावल निवासी प्रहलाद वर्मा 15 साल से कोल्हुई में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। चौराहा पर उनकी दुकान थी, जहां वह घड़ीसाज का काम करते थे।
रोज की तरह बुधवार की सुबह वह दुकान जाने की तैयारी में जुटे थे। नहाने के लिए जैसे ही उन्होंने मोटर चालू किया, बिजली की चपेट में आ गए। झटके से वह बेसुध होकर नीचे गिरे तो सिर पर गंभीर चोट लग गई। उनकी चीख सुनकर परिवारवाले और अगल-बगल के लोग मौके पर पहुंचे।
आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सब के जुबान पर यही था कि बहुत मिलनसार थे प्रहलाद। घरवाले पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव लेकर मेंहदावल स्थित पैतृक गांव चले गए।