सोनौली बार्डर पर नेपाली नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन कर आवागमन ठप किया।
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली(महराजगंज)। लखीमपुर खीरी के कंचनपुर में हुई घटना के विरोध में नेपाल बंद के दूसरे दिन शनिवार को आंदोलन उग्र हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने भरतपुर में सोनौली से काठमांडू जा रहे ट्रक में आग लगा दी। सीमावर्ती क्षेत्र भैरहवा बुटवल में छात्रों ने भारत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान पांच भारतीय ट्रकों में तोड़फोड़ की गई। सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सरहद पर ही भारतीय नंबर वाले वाहनों को रोक दिया है।
मोहनबेध माओवादी गुट ने नेपाली नागरिक की मौत पर शनिवार को नेपाल बंद का आह्वान किया था। इस दौरान सड़कों पर यातायात ठप रहा स्कूल कालेज बंद रहे। सड़कों पर केवल प्रदर्शनकारी ही दिखे जो भारत विरोधी नारों के साथ मृतक को शहीद की दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे थे।
घटना के विरोध में सोनौली से काठमांडू जा रही बकरे लदी एक भारतीय ट्रक को भरतपुर में कुछ अज्ञात समूहों ने रोक कर आग लगा दी। शनिवार की सुबह बुटवल हाट बाजार में सब्जी लेकर पहुंचे पांच भारतीय ट्रकों में तोड़फोड़ की भी खबर है। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क दिखी और उन्हें बंदी के दौरान सरहद पर ही रोक दिया। देर शाम पर्यटक सरहद पर बंदी खुलने के बाद आ जा सके।
भरतपुर एस पी दीपक थापा ने बताया कि भारतीय ट्रक के जलाने के मामले में छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बंद और भारत विरोधी गतिविधियों को लेकर एसएसबी ने सरहद पर और कड़ाई करते हुए पगडंडी पर गश्त तेज कर दिया है। हर आने जाने वाले की सख्त जांच की जा रही है।