पारिवारिक कलह में चाकू मारकर बहू ने सास को घायल किया।
एकमा, लक्ष्मीपुर में सोमवार को एक परिवार में गृह कलह इतना बढ़ गया कि बहू ने सास और देवर पर चाकू से हमला कर जान लेने की कोशिश की। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लक्ष्मीपुर लाया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एकमा के लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रामचंद्र मद्धेशिया की बहू और घर के अन्य सदस्यों के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। इनकी बाजार में ही जनरल स्टोर की दुकान है। सोमवार की शाम बहू संजू और सास मालती में घरेलू कार्य और दुकान के हिसाब को लेकर कहासुनी होने लगी। इस दौरान वहां पर मौजूद संजीव भी अपनी मां के पक्ष से बोलने लगा। देखते-देखते विवाद बढ़ गया और संजू ने घर में रखे चाकू से संजीव के हाथ पर प्रहार कर दिया।
बेटे पर हमला होता देख मां आगे बढ़ी तो संजू ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया। इस हमले में मां-बेटा गंभीर रुप से घायल हो गए। घरवाले दोनों को सीएचसी लक्ष्मीपुर ले आए। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इस बाबत एसओ पुरन्दरपुर चन्द्रेश यादव का कहना है कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। कोई तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।