गोरखपुर जनपद के गगहा थानाक्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने प्रेमी से धोखा मिलने के बाद आत्महत्या की कोशिश की और 60 फुट गहरी नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदते देख सड़क निर्माण में लगे मजदूरों ने उसे नदी से निकालकर जान बचाई। भैरहवा पुलिस ने उसे हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया।
शुक्रवार की सुबह भैरहवा बस अड्डे से सोनौली की तरफ रोती भागती हुई एक युवती बेलहिया स्थित डंडा नदी में कूद गई। पास में ही सड़क निर्माण में लगे मजदूरों ने तत्काल नदी में कूद कर उसे बचाया। पानी कम था, इससे युवती के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंची भैरहवा पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
युवती ने पुलिस को बताया की इसी महीने उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन वह अपने एक रिश्तेदार से प्यार करती है और उसी के साथ भाग कर एक सप्ताह से नेपाल आकर रहने लगी। शुक्रवार की सुबह वह मुझे परासी लेकर जाने वाला था लेकिन बस अड्डे पर ही छोड़कर गायब हो गया। दो तीन घंटे इंतजार के बाद लगा कि अब मेरे साथ धोखा हो गया। मैं घर नहीं जा सकती।
इसलिए नदी में कूद कर जान देने जा रही थी। इंस्पेक्टर अभय विक्रम साह ने बताया की अपने को गोरखपुर जिले की बताने वाली युवती बालिग है। उपचार के बाद उसे जाने दिया गया।