बालू लदे ट्रक की चपेट से बालिका की मौत
- फोटो : अमर उजाला
ठूठीबारी (महराजगंज)। तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक बालिका की मौत हो गई। स्कूटी सवार हेलमेट नहीं लगाए थीं। उधर, ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
निचलौल वार्ड नंबर तीन निवासी आनंद सिंह की पुत्री खुशी (13), अनन्या (10) अपनी बुआ नीतू सिंह के साथ स्कूटी पर बैठकर ठूठीबारी आ रही थीं। वह ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के नेटुअहियां गांव के दक्षिण एक दुकान के समीप निचलौल - ठूठीबारी मार्ग पर पहुंची ही थीं कि पीछे से आ रहे एक बालू लदे ओवरलोड ट्रक ने टक्कर मार दिया। जिससे खुशी की ट्रक के पहिए के नीचे आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह कक्षा आठ की छात्रा थी। वहीं स्कूटी चालक नीतू सिंह दूर जाकर गिरीं, जिससे वह चोटिल हो गईं। स्कूटी पर बैठी अनन्या गिर पड़ी और वह बदहवास होकर लोहरौली गांव की तरफ भागने लगी। राहगीरों ने अनन्या को रोककर ढांढस बंधाया और ग्रामीणों की मदद से सड़क पर पड़े खुशी के शव को किनारे किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। बाद में मृत बालिका के घर वाले भी मौके पर पहुंचे। सभी को रो - रोकर बुरा हो गया। कोतवाल बृजनंदन सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।