श्यामदेउरवा पुलिस के हाथ मंगलवार को चेकिंग के दौरान चार अंतर्जनपदीय वाहन चोर लग गए। एक मालवाहक व दो बाइक बरामद किया। चोरों के पास कट्टा व कारतूस भी मिले हैँ। एसपी ने टीम को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।
मंगलवार को पत्रकार वार्ता में एसपी भारत सिंह यादव ने बताया कि छह जनवरी को श्यामदेउरवा से दिनेश की पिकअप चोरी हुई थी। पुलिस तलाश में जुट गई थी। मंगलवार की भोर में मुखबिर ने सूचना दी। कि कुछ लोग एक पिकअप लेकर गोरखपुर से आ रहे हैं। उसे नेपाल बेचने की कोशिश में हैं।
पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग में लगी। गोरखपुर से आ रही गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गति बढ़ा दी। परतावल चौकी प्रभारी शशिकांत पांडेय घेरा बंदी कर वाहन को रोक लिया। चालक की पहचान अनूप श्रीवास्तव शिवचौक वार्ड पांच कुशीनगर के रूप में हुई। बताया कि गोरखपुर से गाड़ी बुक कराए थे और परतावल में चालक को झांसा देकर नेपाल गाड़ी बेचने के लिए ले जा रहे थे।
वाहन पर बैठे दूसरे युवक राजू उर्फ सद्दाम निवासी अलीनगर कुुुशीनगर के कब्जे से एक तमंचा, तीन कारतूस बरामद हुआ। दोनों के निशानदेही पर सोनू वार्ड 16 कप्तानगंज के पास एक बाइक व संजय चौधरी निवासी सुभाष चौक कप्तानगंज के कब्जे से एक बाइक बरामद की है।