संदिग्ध हाल में जलने से महिला की मौत
- फोटो : अमर उजाला
कोठीभार/सिसवा (महराजगंज)। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्रामसभा भोथियाही में जमीन संबंधी विवाद में मंगलवार की रात संदिग्ध हालत में जलकर महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को सुबह एसपी आरपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने सास, देवर और देवरानी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम सभा भोथियाही निवासी बदरे आलम करीब एक साल से कुवैत में हैं। घर पर पत्नी जैनब उर्फ गुड़िया (30) अपने तीन बच्चों मेराज (11), कैश (7), कैफ़ (5) तथा सास, ससुर और देवर-देवरानी के साथ रहती थीं। बताया जाता है कि बदरे आलम के हिस्से की जमीन को लेकर आए दिन जैनब का उसके देवर-देवरानी से विवाद होता रहता था। मंगलवार की रात करीब साढ़े दस बजे आसपास के लोगों ने जैनब के कमरे में आग और धुंआ निकलते देखा तो मौके पर पहुंचे। उस वक्त जैनब अपने कमरे में जल रही थी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक जैनब के शरीर के आधे से अधिक भाग जल चुका था। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाया। एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही जैनब की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को सुबह पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने गांव में पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। उसके बाद पुलिस ने कुशीनगर जिले के पडरौना खिरकिया टोला निवासी मृतका की मां हमीदुननिशा की तहरीर पर सास, देवर और देवरानी के खिलाफ कोठीभार पुलिस ने हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया। थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।