पाकिस्तानी नागरिक जावेद कमाल से बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में आठ घंटे तक आईबी व एटीएस ने गहन पूछताछ की। इसके बाद उसे गुप्त स्थान पर ले जाया गया।
सुरक्षा एजेंसियों को जावेद से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
जिला जेल में डॉ. राजीव द्विवेदी से जावेद की मेडिकल जांच कराने के बाद सुबह करीब साढे़ दस बजे आईबी और एटीएस की टीम उसे लेकर पुलिस लाइन पहुंचीं।
जहां टीम में शामिल अधिकारियों ने शाम सवा छह बजे तक उससे पूछताछ की। इसके बाद उसे गुप्त स्थान पर ले गए। पूछताछ के दौरान पुलिस लाइन में भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई थी। अंदर स्थानीय पुलिस को भी जाने की अनुमति नहीं थी।
बता दें कि जावेद को सोनौली बार्डर से गत 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। सोनौली पुलिस ने उससे पूछताछ के लिए रिमांड पर देने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था।
जिस पर बुधवार को पांच दिन की रिमांड मंजूर हुई थी। एसपी भारत सिंह यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को जावेद से आईबी और एटीएस की टीमों ने गहन पूछताछ की है।
बाद में स्थानीय पुलिस व एसएसबी भी पूछताछ करेगी। जल्द ही रॉ टीम भी आएगी। उन्होंने कहा कि पहले यह तय था कि सुरक्षा एजेंसियां बीएचयू के प्रोफेसर का जावेद से सामना कराएंगी लेकिन रिमांड का समय कम व सुरक्षा को देखते हुए प्रोफेसर को पूछताछ के लिए महराजगंज आने को कहा जाएगा।
यदि वे आने से इनकार करते हैं तोजावेद को वाराणसी ले जाया जाएगा।