पीस कमेटी की बैठक लेते सीओ राजा राम यादव व एसओ।
- फोटो : अमर उजाला
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पीस कमेटी की बैठक की गई। क्षेत्राधिकारी सदर राजाराम यादव ने उपस्थित लोगों को मिलजुल कर त्यौहार मनाने की अपील की। कहा कि अगर कहीं कोई विवाद है तो समय रहते सूचना दें ताकि उसका निस्तारण हो सके। खलल डालने वालों को कत्तई नहीं बख्शा जाएगा। ताजियादारों व दुर्गा पूजा समिति के आयोजकों से डीजे नहीं बजाने को कहा गया।
थानाध्यक्ष रमाकर यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन कर यदि कहीं डीजे बजा तो खैर नहीं। जिस किसी गांव में यदि कोई रास्ते या स्थान से ताजिया ले जाने में कठिनाई है तो उसे व्यवस्थित किया जाएगा। इस मौके पर कामेश्वर राय, कैलाश, मणींद्र उपाध्याय, दिलीप पटवा, अमरनाथ त्रिपाठी, शाकिर अली आदि ग्राम प्रधान और तमाम गांवों के लोग व गणमान्य मौजूद थे।
उत्पात मचाया तो जेल जाएगाःएसडीएम
पुरंदरपुर। थाना परिसर मे पीस कमेटी की बैठक बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी फरेंदा की अध्यक्षता में हुई। उपजिलाधिकारी फरेंदा विक्रम सिंह ने कहा कि मोर्हरम व दशहरा का त्यौहार एक साथ पड़ रहा है। अगर डीजे बजेंगे और कोई शराब पीकर उत्पात मचाएगा तो जेल जाएगा। सीओ फरेंदा चंद्रदेव प्रसाद ने कहा कि डीजे बुक करने वाले डीजे मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में तहसीलदार नौतनवा विजय कुमार क्षत्रपति के अलावा ग्राम प्रधान विपिन सिंह, शंकर गुप्ता, शब्बीर, सुबराती, पटेश्वर, कन्हैयालाल आदि उपस्थित रहे।